
ज़ीरकपुर (एस.पी. चोपड़ा) : बंगाल समेत देश के विभिन्न राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद ज़ीरकपुर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी का इज़हार किया। शहर के भाजपा कार्यालय में सैकड़ों की संख्या में एकत्रित हुए कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाते हुए नारेबाज़ी की और भंगड़ा डालकर अपनी खुशी जाहिर की। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश सचिव और हल्का डेराबस्सी के वरिष्ठ नेता संजीव खन्ना, एस एम एस संधू और रणजीत रेड्डी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर नरेंद्र मोदी के समर्थन में जमकर नारे लगाए।
कार्यालय के अंदर और बाहर दोनों जगहों पर माहौल उत्सव जैसा बना रहा, जहां कार्यकर्ता एक-दूसरे को बधाई दे रहे थे और मिठाइयां बांटकर खुशी साझा कर रहे थे। जश्न के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर भंगड़ा डाला और “भाजपा ज़िंदाबाद” के नारे लगाए।
इस मौके पर नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह जीत केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि जनता के विश्वास की जीत है, जो पार्टी की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिखाई दी है। संजीव खन्ना और एस एम एस संधू ने अपने संबोधन में कहा कि पांडूचेरी, असम और बंगाल में मिली जीत ऐतिहासिक महत्व रखती है। उन्होंने बताया कि इस जीत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने कड़ा संघर्ष किया और कई बलिदान भी देने पड़े।
उन्होंने कहा कि यह जीत देश की राजनीति में एक नया अध्याय साबित होगी। उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल में मिली जीत ने यह स्पष्ट संकेत दे दिया है कि आने वाले समय में पंजाब में भी भाजपा का विस्तार होगा और पार्टी और मजबूती से उभरेगी। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इसी जोश के साथ मैदान में काम करते रहें और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाएं।
इस मौके पर जगदेव सिंह पुनियां, हरदीप गाजीपुर, सुधीर कांटीवाल, राधे श्याम, राशी अय्यर समेत भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
