
नई दिल्ली (एस.पी. चोपड़ा) : पश्चिमी दिल्ली के संत नगर में शिक्षा को बढ़ावा देने और जरूरतमंद बच्चों की सहायता के उद्देश्य से नेशनल अकाली दल एजुकेशन विंग के नए कार्यालय का शुभारंभ किया गया। इस कार्यालय की पहल एजुकेशन विंग की दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष एवं सुरीत इवेंट्स फाउंडेशन ट्रस्ट की स्टेट प्रेसिडेंट व नेशनल ब्रांड एंबेसडर रिदम चड्ढा द्वारा की गई। कार्यालय का विधिवत उद्घाटन नेशनल अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा ने किया।
इस अवसर पर नेशनल अकाली दल सोशल विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष रश्मीत कौर बिंद्रा, महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष भावना धवन, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह मारवाह, राष्ट्रीय सचिव विक्रांत मोहन सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए परमजीत सिंह पम्मा ने कहा कि शिक्षा समाज की सबसे मजबूत नींव है और संगठन का उद्देश्य है कि हर जरूरतमंद बच्चे तक शिक्षा की सुविधा पहुंचे। उन्होंने कहा कि नेशनल अकाली दल शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक कार्य करता रहेगा और गरीब व जरूरतमंद बच्चों की हर संभव सहायता करेगा।
इस दौरान परमजीत सिंह पम्मा ने यह भी ऐलान किया कि इसी प्रकार संगठन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में भी नए कार्यालय खोले जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों तक शिक्षा की सुविधा पहुंचाई जा सके।
वहीं, रिदम चड्ढा ने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यालय शिक्षा से वंचित बच्चों के लिए एक नई उम्मीद बनकर सामने आया है। उन्होंने बताया कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा और उन्हें आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा आर्थिक तंगी के कारण शिक्षा से वंचित न रहे और इसके लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगी।
कार्यक्रम के दौरान सुरीत इवेंट्स फाउंडेशन ट्रस्ट की फाउंडर एवं नेशनल प्रेसिडेंट रश्मीत कौर बिंद्रा ने रिदम चड्ढा की काबिलियत को देखते हुए उन्हें ट्रस्ट का नेशनल जनरल सेक्रेटरी नियुक्त करने की घोषणा की। इसके साथ ही हशरीत कौर बिंद्रा और सुखविंदर सिंह बिट्टू को ट्रस्ट का ट्रस्टी बनाया गया।
रश्मीत कौर बिंद्रा ने कहा कि ट्रस्ट में जिम्मेदारियों का यह बंटवारा समाज सेवा के कार्यों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है, ताकि सभी मिलकर समाज के लिए बेहतर कार्य कर सकें।
इस अवसर पर नेशनल अकाली दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह अस्त, राष्ट्रीय सचिव जसविंदर सिंह सभरवाल, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरजीत सिंह, उपाध्यक्ष वरिंदर आर्य, महासचिव बलबीर सिंह, महिला विंग की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सोना बत्रा सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
