
चंडीगढ : चंडीगढ़ लिटफेस्ट (सीएलएफ) लिटराटी-2026 का 14वां संस्करण 5 और 6 दिसंबर को चंडीगढ़ के सुखना लेक स्थित लेक क्लब में आयोजित किया जाएगा। चंडीगढ़ लिटरेरी सोसाइटी (सीएलएस) की ओर से आयोजित इस वार्षिक साहित्यिक महोत्सव में देश के प्रतिष्ठित लेखकों, सांस्कृतिक हस्तियों, विद्वानों, वरिष्ठ पत्रकारों, राजनीतिक नेताओं और अनुभवी विचारकों का जमावड़ा लगेगा। दो दिवसीय इस आयोजन में विचारोत्तेजक संवाद, साहित्यिक चर्चाएं और सांस्कृतिक गतिविधियां होंगी।
महोत्सव से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चंडीगढ़ लिटरेरी सोसाइटी की चेयरपर्सन और सीएलएफ लिटराटी की फेस्टिवल डायरेक्टर डॉ. सुमिता मिश्रा, आईएएस ने कहा कि “यह महोत्सव एक ऐसा जीवंत मंच तैयार करने का प्रयास है, जहां साहित्य, संस्कृति, इतिहास और समकालीन विचार एक साथ मिलते हैं। विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों के साथ सार्थक संवाद के माध्यम से हमारा उद्देश्य बौद्धिक सहभागिता को बढ़ावा देना, भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उत्सव मनाना और पाठकों तथा युवाओं को शब्दों की परिवर्तनकारी शक्ति को समझने के लिए प्रेरित करना है।”
एक प्रतिष्ठित लेखिका और द्विभाषी कवयित्री डॉ. मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष के महोत्सव की थीम ‘द पावर ऑफ वर्ड्स’ (शब्दों की शक्ति) रखी गई है। उन्होंने कहा कि महोत्सव में साहित्य, इतिहास, संस्कृति, आध्यात्मिकता, राजनीति, प्रदर्शन कलाओं और समकालीन सामाजिक मुद्दों पर विशेष रूप से तैयार किए गए सत्रों के माध्यम से रोचक चर्चा होगी। इन सत्रों में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां हिस्सा लेंगी।
डॉ. मिश्रा के अनुसार, सीएलएफ लिटराटी के 14वें संस्करण के पहले दिन यानी 4 दिसंबर को शाम 5:30 बजे टैगोर थिएटर में विशेष उद्घाटन संध्या का आयोजन होगा। इसमें प्रसिद्ध स्टैंड-अप कॉमेडियन हरप्रिया बैंस ‘लिट-एरली हिलेरियस’ टाइटल से अपनी प्रस्तुति देंगी, जो समारोह में सांस्कृतिक रंग भरेगी।
महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ 5 दिसंबर (महोत्सव के दूसरे दिन) सुबह 11 बजे लेक क्लब में उद्घाटन सत्र ‘द पावर ऑफ वर्ड्स’ के साथ होगा। इस सत्र में डॉ. सुमिता मिश्रा, आईएएस स्वागत भाषण देंगी, जबकि साहित्य अकादमी के अध्यक्ष माधव कौशिक उद्घाटन संबोधन करेंगे।
‘द इंटरसेक्शन ऑफ लिटरेचर एंड मीडिया’ सत्र में प्रसिद्ध पत्रकार, लेखक एवं संपादक जय प्रकाश पांडे और प्रतिष्ठित प्रकाशन संस्थान प्रभात प्रकाशन का नेतृत्व करने वाले प्रकाशक प्रभात कुमार शामिल होंगे। वरिष्ठ पत्रकार शायदा उनके साथ बातचीत करेंगी। इस दौरान साहित्य और मीडिया के बीच बदलते संबंधों पर चर्चा होगी।
एक अन्य रोचक सत्र ‘ब्रेकिंग बैरियर्स एंड रीडिफाइनिंग बाउंड्रीज’ में डॉ. सुमिता मिश्रा, आईएएस वरिष्ठ राजनीतिक पत्रकार प्रिया सहगल के साथ बातचीत करेंगी। डॉ. मिश्रा हरियाणा में उनके नेतृत्व में शुरू की गई विभिन्न आधुनिक प्रशासनिक पहलों के बारे में बताएंगी, जिनसे भूमि सुधार, स्वास्थ्य सहित कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण विकास हुआ। इस सत्र में डॉ. मिश्रा की साहित्यिक यात्रा और रचनात्मक गतिविधियों को भी प्रस्तुत किया जाएगा।
महोत्सव में ‘द अल्केमी ऑफ डिजायर: व्हाट एंशिएंट इंडिया न्यू अबाउट लव’ सत्र भी होगा। इसमें लंदन की लेखिका, मिथक विशेषज्ञ और नैरेटिव प्रैक्टिशनर सीमा आनंद हिस्सा लेंगी। कामसूत्र की प्रामाणिक विशेषज्ञ मानी जाने वाली सीमा आनंद के साथ पुरस्कार विजेता प्रकाशन क्षेत्र की पब्लिशिंग प्रोफेशनल लिपिका भूषण बातचीत करेंगी। इस चर्चा में प्रेम, रिश्तों और इच्छाओं को लेकर प्राचीन भारतीय दृष्टिकोण पर विचार किया जाएगा।
6 दिसंबर को होंगे प्रमुख सत्र :
महोत्सव का समापन दिवस यानी तीसरा दिन 6 दिसंबर को सुबह 11 बजे शुरू होगा। इस दिन का पहला सत्र ‘अनअर्थिंग हर स्टोरी: एंशिएंट वॉयसेज ऑफ इंडियन वुमन’ होगा। इसमें लेखिका, शोधकर्ता एवं शिक्षाविद डॉ. नम्रता चतुर्वेदी और उपन्यासकार एवं कवि मुकुल कुमार हिस्सा लेंगे। कम्युनिकेशन स्ट्रेटजिस्ट प्रीति चौधरी उनके साथ बातचीत करेंगी। इस सत्र में भारत की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक परंपराओं में महिलाओं के योगदान तथा उन आवाजों पर चर्चा होगी, जिनके बारे में बहुत कम जानकारी उपलब्ध है।
‘आई विटनेस: इंडिया थ्रू द कॉरिडोर्स ऑफ पावर’ सत्र में वरिष्ठ पत्रकार एवं राज्यसभा के पूर्व सांसद शाहिद सिद्दीकी, वरिष्ठ पत्रकार विपिन पब्बी के साथ बातचीत करेंगे। इसमें लोकतांत्रिक व्यवस्था में सत्ता के विभिन्न ढांचों और उनकी कार्यप्रणाली पर चर्चा होगी।
‘द मास्टरशेफ्स मंत्राज’ सत्र में सेलिब्रिटी शेफ पंकज भदौरिया लेखिका अन्नू रानी शर्मा के साथ बातचीत करेंगी। इसमें पाक कला की दुनिया और खाना बनाने की कला से जुड़े अनुभव साझा किए जाएंगे।
‘इंडिया ऑब्जर्व्ड: द इंटरप्ले ऑफ पावर एंड पॉलिटी’ सत्र में जाने-माने पत्रकार सईद नकवी और पुरस्कार विजेता पत्रकार, लेखिका, स्तंभकार एवं टेलीविजन एंकर ज्योत्सना मोहन हिस्सा लेंगी। वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक रशीद किदवई उनके साथ बातचीत करेंगे। इस सत्र में भारत के राजनीतिक परिदृश्य तथा सत्ता और शासन की गतिशीलता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे जाएंगे।
‘कविता कलश’ सत्र में हिंदी के प्रतिष्ठित कवि माधव कौशिक, ओम निश्चल और कुमार विनोद शामिल होंगे। सुनीता कुमारी उनके साथ बातचीत करेंगी।
‘द स्टोरीज वी वियर, द हिस्ट्रीज वी इनहेरिट’ सत्र में प्रतिष्ठित राजनयिक लक्ष्मी मुर्देश्वर पुरी हिस्सा लेंगी। पत्रकार एवं लेखिका अराधिका शर्मा उनके साथ बातचीत करेंगी। इसमें पहनावे और पहचान के सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम में ‘गल्लां सिनेमा दियां’ सत्र भी शामिल होगा। इसमें संगीतकार जयदेव कुमार, वरिष्ठ अभिनेत्री निर्मल ऋषि और गीतकार बाबू सिंह मान पंजाबी सिनेमा, संगीत और इसकी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े अपने विचार साझा करेंगे।

