
ज़ीरकपुर (एस.पी. चोपड़ा) : डेराबस्सी भाजपा नेता एवं प्रदेश सचिव संजीव खन्ना ने कहा कि योग भारत की वह अमूल्य विरासत है, जिसने आज पूरी दुनिया को स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने का मार्ग दिखाया है। वह गोल्डन सैंड सोसाइटी व मुबारकपुर सूर्या महल पैलेस में पतंजलि योग पीठ द्वारा ‘स्वस्थ उम्र के लिए योग’ थीम के तहत आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को मुख्य अथिति के तौर पर संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर संजीव खन्ना ने सोसाइटी के निवासियों के साथ योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास भी किया। उन्होंने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि तन, मन और आत्मा को सशक्त बनाने वाली जीवन पद्धति है। नियमित योग न केवल तनाव से मुक्ति दिलाता है, बल्कि सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
संजीव खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। उन्होंने बताया कि भारत की पहल पर संयुक्त राष्ट्र महासभा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यत्नों से वर्ष 2014 में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था, जिसके बाद योग एक वैश्विक जनआंदोलन बन चुका है।
उन्होंने लोगों से स्वस्थ और खुशहाल जीवन के लिए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र के निवासियों ने योग सत्र में भाग लिया।
