
जीरकपुर (एस.पी. चोपड़ा) : दीपावली की खुशियां उस समय दोगुनी हो गईं, जब गोल्डन सैंड सोसाइटी में आयोजित फेस्टिवल के दौरान विजेताओं के नाम घोषित हुए। किसी के हाथ एयर फ्रायर लगा तो किसी ने गारमेंट आयरन और न्यूट्री ब्लेंड जीतकर त्योहार को यादगार बना लिया। इनामों की घोषणा के साथ ही तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।
सोसाइटी में हर वर्ष की तरह आयोजित दीपावली फेस्टिवल इस बार भी आकर्षण का केंद्र रहा। रंग-बिरंगे स्टॉल, स्वादिष्ट व्यंजन, खरीदारी और मनोरंजन के बीच बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने जमकर आनंद लिया।
तीन महिलाओं की चमकी किस्मत, मिले आकर्षक उपहार
फेस्टिवल में पहला पुरस्कार फिलिप्स एयर फ्रायर नियोगी ने जीता। दूसरा पुरस्कार फिलिप्स गारमेंट आयरन रितु के नाम रहा, जबकि तीसरा पुरस्कार हैवेल्स न्यूट्री ब्लेंड आंचल ने हासिल किया। विजेताओं को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
संजीव खन्ना बोले – दीवारों से नहीं, दिलों से बनती है सोसाइटी
कार्यक्रम में गोल्डन सैंड के मालिक एवं भाजपा नेता संजीव खन्ना मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने कहा कि बड़ी इमारतें और सुविधाएं किसी सोसाइटी की पहचान हो सकती हैं, लेकिन उसकी असली ताकत वहां रहने वाले परिवारों का आपसी प्रेम और भाईचारा होता है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ते हैं।
आयोजन को सफल बनाने में इनकी रही अहम भूमिका
सोसाइटी प्रधान शशि भूषण शर्मा के साथ प्रमीत विग, साहिल मंगक, रोहित गर्ग, संजय बिंदल, इंदु, सुखजीत अटवाल, अक्षिता, नवजोत, मीनाक्षी, सुमित बाघला, भूपेश और नीरस डोगरा सहित अन्य निवासियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
फेस्टिवल ने एक बार फिर साबित किया कि त्योहार की असली खुशी महंगे उपहारों में नहीं, बल्कि परिवारों के साथ मिलकर बिताए यादगार पलों में छिपी होती है।

