
चंडीगढ़ (एस.पी. चोपड़ा) : दिवाली पर अपने कर्मचारियों को खास तोहफे देने के लिए चर्चा में रहने वाले एमके भाटिया की कंपनी में इस बार भी दिवाली गिफ्ट बांटने का सिलसिला जारी है। बुधवार को दिवाली हवन-पूजन के साथ एक बार फिर लकी ड्रॉ आयोजित किया गया। इसमें कर्मचारियों के लिए फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मिक्सर ग्राइंडर सहित कई घरेलू उपयोग के आकर्षक इनाम निकाले गए।
इस लकी ड्रॉ की खास बात यह रही कि यह उन कर्मचारियों के लिए आयोजित किया गया था, जिनका पिछले दिनों हुए ड्रॉ में कोई इनाम नहीं निकला था। कंपनी प्रबंधन ने उन्हें एक और मौका देते हुए अलग से लकी ड्रॉ करवाया, ताकि ज्यादा से ज्यादा कर्मचारियों के चेहरे पर दिवाली की खुशियां लाई जा सकें।
कार्यक्रम में पंडित जी की पर्ची भी खास आकर्षण रही। पारंपरिक तरीके से पर्चियां निकालकर विजेताओं के नाम घोषित किए गए। हवन-पूजन और धार्मिक अनुष्ठान के बीच हुए इस आयोजन ने दिवाली के जश्न को और खास बना दिया।
गौरतलब है कि एमके भाटिया पिछले कई वर्षों से दिवाली पर अपने कर्मचारियों को महंगे उपहार देकर सुर्खियों में रहे हैं। कंपनी में कारों से लेकर घरेलू सामान और अन्य उपहारों तक, कर्मचारियों को सम्मानित करने की यह परंपरा लगातार जारी है।

