
नई दिल्ली (एस.पी. चोपड़ा) : राजौरी गार्डन स्थित ब्रह्माकुमारी आश्रम में राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी, पूर्व मुख्य प्रशासिका, ब्रह्माकुमारीज़, की पुण्य स्मृति में अखिल भारतीय स्तर पर रक्तदान महाअभियान का आयोजन किया गया। रक्तदान महाअभियान का उद्घाटन मुख्य अतिथि, नेशनल अकाली दल के अध्यक्ष एवं ‘एंग्री मैन’ के खिताब से सम्मानित परमजीत सिंह पम्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर राजौरी गार्डन सेवाकेंद्र की डायरेक्टर बीके शक्ति दीदी जी, बीके रोहित भाई, बीके सीमा दीदी और बीके डॉ. ललिता दीदी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
बीके शक्ति दीदी ने बताया कि दादी प्रकाशमणि जी की पुण्य स्मृति में सेवा, स्वास्थ्य और मानव कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम देशभर में आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को मानव सेवा, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि आज के रक्तदान महाअभियान के दौरान सीके बिरला हॉस्पिटल की ओर से मेडिकल हेल्थ चेकअप कैंप लगाया गया, जबकि लायंस ब्लड सेंटर की ओर से ब्लड बैंक का सहयोग प्रदान किया गया। शिविर में लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराने के साथ-साथ रक्तदान कर मानव सेवा में अपना योगदान दिया।
इस अवसर पर परमजीत सिंह पम्मा ने कहा, “रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने से बड़ा मानव सेवा का कार्य कोई नहीं हो सकता। दादी प्रकाशमणि जी ने सदैव मानवता, सेवा और भाईचारे का संदेश दिया। उनकी पुण्य स्मृति में आयोजित यह रक्तदान महाअभियान समाज को सेवा और परोपकार की प्रेरणा देता है। मैं सभी स्वस्थ लोगों से अपील करता हूं कि वे आगे बढ़कर रक्तदान करें और किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में अपना योगदान दें।”
पम्मा ने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। इसलिए समाज के हर वर्ग को रक्तदान के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है।

