
ज़ीरकपुर : पुकार – द वॉइस ऑफ ह्यूमैनिटी ने अपने लक्ष्य प्रोजेक्ट के अंतर्गत सरकारी प्राइमरी एवं हाई स्कूल, छत्त, जिला एसएएस नगर में तीसरी और चौथी स्टेशनरी ड्राइव सफलतापूर्वक आयोजित की। इस अभियान का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, एकल अभिभावक एवं अनाथ बच्चों की शिक्षा में सहयोग देना था।
इस दौरान 50 से अधिक जरूरतमंद बच्चों को स्टेशनरी किट वितरित की गई। प्रत्येक किट में स्कूल बैग, नोटबुक, पेन, पेंसिल और ज्योमेट्री बॉक्स शामिल थे, ताकि बच्चों को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध हो सके।कार्यक्रम में सरकारी हाई स्कूल की मुख्य अध्यापिका सुश्री मालती सचदेवा तथा सरकारी प्राइमरी स्कूल के हेडमास्टर. राजिंदर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके सहयोग और प्रोत्साहन से यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
पुकार एनजीओ की ओर से संस्थापक सुश्री शिवानी, कुमुद, नीना, रूही, डॉ. मोहित, शैल और आरुषी उपस्थित रहे। साथ ही चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के इंटर्न्स पारव शर्मा और दक्ष ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया और बच्चों के साथ समय बिताया।पुकार एनजीओ स्कूल प्रशासन और अपने समर्पित स्वयंसेवकों का हार्दिक धन्यवाद करता है।
लक्ष्य प्रोजेक्ट जैसी पहलों के माध्यम से पुकार निरंतर ऐसे भविष्य की दिशा में कार्य कर रहा है, जहाँ हर बच्चे को शिक्षा और आगे बढ़ने का समान अवसर मिल सके।
