
चंडीगढ़ कांग्रेस माइनॉरिटी डिपार्टमेंट की ओर से “सांझी विरासत” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे, सांस्कृतिक विरासत और सद्भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में चंडीगढ़ सांसद मनीष तिवारी, चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की, पंजाब के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी तथा एआईसीसी चंडीगढ़ माइनॉरिटी डिपार्टमेंट के इंचार्ज सलीम भट्टी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पंजाब के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी ने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी सांझी विरासत, गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे में है। देश में अलग-अलग धर्मों, भाषाओं और संस्कृतियों के लोग सदियों से मिल-जुलकर रहते आए हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में समाज को बांटने वाली सोच से बचते हुए मोहब्बत, इंसानियत और भाईचारे को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब समाज एकजुट होगा, तभी देश मजबूत होगा।
चंडीगढ़ कांग्रेस माइनॉरिटी डिपार्टमेंट के प्रदेश चेयरमैन एवं कार्यक्रम के आयोजक मोहम्मद आसिफ चौधरी ने कहा कि “सांझी विरासत” केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज को जोड़ने की एक सकारात्मक पहल है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ की खूबसूरती ही इसकी विविधता और सभी समुदायों के बीच कायम आपसी भाईचारे में है। हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपनी इस सांझी विरासत को सुरक्षित रखते हुए आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएं।
आसिफ चौधरी ने कहा कि देश में शांति, सद्भावना और विकास के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर चलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा सामाजिक एकता, धर्मनिरपेक्षता और समानता के मूल्यों के लिए खड़ी रही है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल हुए सभी अतिथियों, सामाजिक एवं धार्मिक प्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मीडिया साथियों का आभार व्यक्त किया।
चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि सामाजिक एकता और सद्भावना लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान और बराबरी का अधिकार मिलना चाहिए तथा सभी को मिलकर चंडीगढ़ और देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए। एआईसीसी चंडीगढ़ माइनॉरिटी डिपार्टमेंट के इंचार्ज सलीम भट्टी ने कहा कि देश की सांझी विरासत को मजबूत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आपसी सम्मान, भाईचारे और समानता की भावना को मजबूत करके ही समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है।

