
जीरकपुर : दीपावली के त्योहार पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के घरों में भी खुशियों की रोशनी पहुंचे, इसी उद्देश्य से भाजपा नेता संजीव खन्ना और उनकी टीम ने डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र में ‘हर घर दिवाली’ अभियान के तहत जरूरतमंद परिवारों को त्योहार की सामग्री वितरित करने का सिलसिला शुरू किया है। अभियान के तहत बीपीएल एवं अन्य जरूरतमंद परिवारों को मिठाइयां, पटाखे, बिजली की लड़ियां और अन्य सामान उपलब्ध करवाया जा रहा है।
गुरुवार को अभियान की शुरुआत गांव टिवाना से की गई। यहां जरूरतमंद परिवारों के घरों तक पहुंचकर टीम के सदस्यों ने दीपावली की सामग्री वितरित की। इसके बाद टीम गांव खजूरमंडी पहुंची, जहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को त्योहार की खुशियों में शामिल किया गया। दोनों गांवों में सामग्री वितरण का कार्य पूरा करने के बाद टीम अगले गांव की ओर रवाना हो गई।
भाजपा नेता संजीव खन्ना ने बताया कि उनकी टीम हर वर्ष दीपावली के अवसर पर जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर त्योहार की खुशियां साझा करती है। इस बार भी अभियान को लगातार जारी रखा जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक परिवारों तक सहायता पहुंचाई जा सके।
उन्होंने कहा कि दीपावली केवल अपने घरों को रोशन करने का पर्व नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने का भी अवसर है। आर्थिक तंगी के कारण किसी परिवार के बच्चे त्योहार की खुशियों से वंचित न रहें, यही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
संजीव खन्ना ने बताया कि टीम के सदस्य गांव-गांव जाकर जरूरतमंद परिवारों तक सामग्री पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि दीपावली पर हर घर में दीप जले, हर आंगन रोशन हो और बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी त्योहार की खुशियों में शामिल हो सकें।

