
जीरकपुर (एस.पी. चोपड़ा) : भारतीय जनता पार्टी के पंजाब अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा है कि यदि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में पंजाब की जनता भाजपा को सत्ता सौंपती है तो राज्य में महाराजा रणजीत सिंह के शासन के सिद्धांतों पर आधारित सुशासन स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब को नशे, गैंगस्टरवाद, भ्रष्टाचार और विकास की कमी से मुक्त कराकर जनकल्याणकारी और मजबूत प्रशासन प्रदान करेगी।
केवल सिंह ढिल्लों जीरकपुर में भाजपा के प्रदेश सचिव एवं हलका डेराबस्सी के प्रभारी संजीव खन्ना द्वारा आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पंजाब की वर्तमान स्थिति चिंताजनक है और युवा वर्ग नशे की चपेट में आ रहा है, जबकि गैंगस्टरवाद समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार राज्य को विकास की राह पर आगे बढ़ाने में विफल रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब एक कृषि प्रधान राज्य है, लेकिन किसानों और अन्य वर्गों को मिल रहे कई लाभ केंद्र सरकार की नीतियों का परिणाम हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार अपने कार्यकाल के दौरान जनता से किए गए कई वादों को पूरा नहीं कर सकी, जिससे लोगों में निराशा है।
महिलाओं के लिए घोषित आर्थिक सहायता योजना का उल्लेख करते हुए ढिल्लों ने कहा कि सरकार अपने कार्यकाल के अंतिम चरण में एक हजार रुपये प्रतिमाह देने के लिए फार्म भरवा रही है, जबकि पड़ोसी राज्यों में कई जनकल्याणकारी योजनाएं पहले से लागू हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब केवल वादे नहीं, बल्कि परिणाम देखना चाहती है।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश सचिव एवं हलका डेराबस्सी के प्रभारी संजीव खन्ना ने कहा कि डेराबस्सी क्षेत्र में लोगों का रुझान तेजी से भाजपा की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में पार्टी पंजाब में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभर रही है और आगामी विधानसभा चुनावों में सरकार बनाने की स्थिति में होगी। उन्होंने यह भी कहा कि डेराबस्सी क्षेत्र से भाजपा का विधायक जीत हासिल करेगा।
भाजपा के पंजाब प्रभारी नरेंद्र रैना ने कहा कि केवल सिंह ढिल्लों के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है, जिसका प्रभाव वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में दिखाई देगा। वरिष्ठ भाजपा नेता एस.एम.एस. संधू ने डेराबस्सी क्षेत्र की समस्याओं और संगठनात्मक स्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि पार्टी को एकजुट होकर चुनावों की तैयारी करनी चाहिए।
समारोह में जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ, रेनू खन्ना, रणजीत सिंह रेड्डी, सुखविंदर सिंह गोल्डी, पंचकूला के मेयर श्याम लाल बंसल, चौधरी ओम प्रकाश और रणजीत सिंह गिल सहित अन्य नेता उपस्थित रहे। इस अवसर पर सुधीर कांटीवाल, हैप्पी कौशल, मुकेश शर्मा भागसी, हर्षवर्धन जैन, राजिंदर कौशिक, सोनू जोगी और सुखदेव राणा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। संजीव खन्ना द्वारा हाल ही में हुए नगर परिषद चुनावों में जीत हासिल करने वाले भाजपा पार्षदों और उम्मीदवारों को सम्मानित भी किया गया।

