
जीरकपुर (एस.पी. चोपड़ा) : भारतीय जनता पार्टी के नए पंजाब अध्यक्ष बनाए गए केवल सिंह ढिल्लों के सम्मान में आज 14 जून को जीरकपुर के बलटाना स्थित वेडिंग रिजॉर्ट में एक विशाल स्वागत समारोह आयोजित होगा। समारोह शाम 5 बजे शुरू होगा, जिसमें पंजाब के विभिन्न जिलों से भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है।
भाजपा के प्रदेश सचिव एवं हलका डेराबस्सी के प्रभारी संजीव खन्ना ने बताया कि केवल सिंह ढिल्लों की प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि जीरकपुर में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम केवल स्वागत समारोह तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पार्टी की संगठनात्मक मजबूती का भी प्रदर्शन करेगा।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एस.एम.एस. संधू ने कहा कि केवल सिंह ढिल्लों लंबे समय से पंजाब की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और उनके अनुभव का लाभ पार्टी को अवश्य मिलेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान द्वारा उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी से पंजाब में भाजपा का जनाधार और अधिक मजबूत होगा तथा कार्यकर्ताओं को नई दिशा मिलेगी।
