
चंडीगढ़ (एस.पी. चोपड़ा) : श्रीमद्भागवत कथा एवं तृतीय वृंदावन प्राकट्य उत्सव को लेकर शहर में धार्मिक उत्साह का माहौल है। इस भव्य आयोजन के संबंध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रसिद्ध गायक बी प्राक, मुनीश बजाज और पंडित अनुज शास्त्री ने कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी साझा की। आयोजकों के अनुसार, इस धार्मिक उत्सव में श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा, भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और भजन संध्या के माध्यम से आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रसिद्ध गायक बी प्राक ने बताया कि इस श्रीमद्भागवत कथा एवं तृतीय वृंदावन प्राकट्य उत्सव का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के भाव के साथ किया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से मुनीश बजाज जी का नाम लेते हुए कहा कि इस आयोजन में सबसे अधिक योगदान उनका है। बी प्राक ने मुनीश बजाज जी के प्रयासों, समर्पण और इस भव्य धार्मिक आयोजन को साकार करने में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 अक्टूबर को रसिक विनोद, 17 अक्टूबर को कृष्ण दास, 18 अक्टूबर को अरुषि गंभीर, 19 अक्टूबर को माहिर शर्मा, 20 अक्टूबर को चित्र-विचित्र, 21 अक्टूबर को रसराज तथा 22 अक्टूबर को प्रसिद्ध गायक बी प्राक और श्री इंद्रेश जी उपाध्याय की प्रस्तुतियां होंगी।
आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस पावन आयोजन में शामिल होकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करें और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति का आनंद लें।
