
फरीदाबाद : महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के प्रति समाज को जागरूक करने और महिला सुरक्षा एवं सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एमएलएसडी सोशल वेलफेयर ट्रस्ट (पंजीकृत) एवं सीएनसी द्वारा होटल राजहंस, सूरजकुंड, फरीदाबाद में ‘महिलाओं के खिलाफ अपराध’ (The Crime Against Women) विषय पर जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत ‘नारी सम्मान समारोह’ एवं पोस्टर लोकार्पण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद श्रीमती सुनीता दुग्गल ने की। प्रसिद्ध अभिनेत्री त्रिधा चौधरी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर फरीदाबाद की महापौर प्रवीण जोशी, फरीदाबाद पुलिस की डीसीपी हिमांद्री कौशिक, हरियाणा महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रेनू भाटिया, रंजीता मेहता, सुमन दहिया तथा रिचा पाहवा सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराध केवल कानून-व्यवस्था की चुनौती नहीं हैं, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी का विषय है। महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं समान अवसरों वाला वातावरण उपलब्ध कराना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सामाजिक जागरूकता, शिक्षा, पारिवारिक संस्कार तथा कानून का प्रभावी क्रियान्वयन ही महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर अंकुश लगाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
इस दौरान ‘महिलाओं के खिलाफ अपराध’ विषय पर तैयार किए गए जागरूकता अभियान के पोस्टर का लोकार्पण भी किया गया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों के खिलाफ समाज में जागरूकता पैदा करना, पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए लोगों को प्रेरित करना तथा महिला सम्मान और सुरक्षा के लिए जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।
समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को ‘नारी सम्मान’ से सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सम्मानित महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की उपलब्धियां समाज के लिए प्रेरणा हैं और उनका सम्मान प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
कार्यक्रम के आयोजक एवं एमएलएसडी सोशल वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने सभी मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, सामाजिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट भविष्य में भी महिला सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा एवं सशक्तिकरण से जुड़े जन-जागरूकता अभियान लगातार चलाता रहेगा ताकि महिलाओं के खिलाफ अपराध मुक्त और सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सके।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, महिला संगठनों के प्रतिनिधियों, युवाओं तथा गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर महिला सम्मान और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

