
नई दिल्ली : जनहित के मुद्दों पर बेबाक आवाज़ उठाने के लिए “एंग्री मैन” के नाम से पहचान बना चुके नेशनल अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमजीत सिंह “पम्मा” के जनसंघर्षों, सामाजिक सरोकारों और जन आंदोलनों पर आधारित 10वां गीत “पम्मा बिना धरना सफल नहीं” एक भव्य समारोह में रिलीज़ किया गया। यह गीत उनके संघर्षपूर्ण जीवन, जनसेवा के प्रति समर्पण और आम लोगों के हितों के लिए किए गए निरंतर प्रयासों को समर्पित है।
गीत के बोल प्रसिद्ध लेखक बलविंदर सिंह सोढ़ी ने लिखे हैं, जबकि इसे अपनी मधुर आवाज़ से चर्चित गायिका रैश कौर ने प्रस्तुत किया है। गीत के विमोचन अवसर पर परमजीत सिंह “पम्मा”, बलविंदर सिंह सोढ़ी, रैश कौर, नेशनल अकाली दल के राष्ट्रीय सचिव विक्रांत मोहन, महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष भावना धवन, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह मारवाह, सोशल विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष रश्मीत कौर बिंद्रा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान रैश कौर ने “पम्मा बिना धरना सफल नहीं” के अलावा मां और महिलाओं पर आधारित अपने भावपूर्ण गीत भी प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर लेखक बलविंदर सिंह सोढ़ी ने कहा कि परमजीत सिंह “पम्मा” पिछले लगभग 32 वर्षों से जनहित के विभिन्न मुद्दों पर निरंतर संघर्ष कर रहे हैं। महंगाई, शिक्षा, व्यापारियों की समस्याएं, महिलाओं के अधिकार, युवाओं को ऑनलाइन गेमिंग जैसी सामाजिक चुनौतियों से बचाने तथा आम नागरिकों की आवाज़ सरकार तक पहुंचाने जैसे अनेक विषयों पर उन्होंने लगातार आंदोलन और जनजागरण अभियान चलाए हैं। इन्हीं जनसंघर्षों और समाज सेवा से प्रेरित होकर उन्होंने पम्मा के जीवन पर यह 10वां गीत लिखा है।
उन्होंने बताया कि परमजीत सिंह “पम्मा” के सामाजिक जीवन और जनसेवा पर इससे पहले भी कई गीत और डॉक्यूमेंट्री बनाई जा चुकी हैं, जिन्हें लोगों का व्यापक समर्थन और सराहना मिली है। कठिन परिस्थितियों और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना करने के बावजूद उन्होंने समाज सेवा का मार्ग नहीं छोड़ा और निरंतर जनहित के कार्यों में सक्रिय रहे।
नया गीत “पम्मा बिना धरना सफल नहीं” उनके संघर्ष, नेतृत्व, जनसेवा और समाज के प्रति समर्पण को संगीत के माध्यम से प्रस्तुत करता है। गीत के रिलीज़ होने के बाद नेशनल अकाली दल के कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
