
जीरकपुर (एस.पी. चोपड़ा) : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लुधियाना में आयोजित सब-सर्कल कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ, पंजाब भाजपा अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों तथा डेराबस्सी भाजपा नेताव प्रदेश सचिव संजीव खन्ना समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सम्मेलन के दौरान नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और पंजाब में भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास, सुशासन और जनकल्याण की राजनीति के लिए प्रतिबद्ध है तथा पार्टी का लक्ष्य पंजाब को नई दिशा देना है।
इस अवसर पर संजीव खन्ना ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पंजाब में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं।
खन्ना ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे “पंजाब को बचाइए, भाजपा को लाइए” के संकल्प को लेकर आगे बढ़ें। संजीव खन्ना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। पश्चिम बंगाल में कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते (डीए) को 18 प्रतिशत से बढ़ाकर 38 प्रतिशत किए जाने के फैसले को जनहित में बड़ा कदम बताते हुए कहा गया कि भाजपा सरकार अपने वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
संजीव खन्ना ने कहा कि यह निर्णय लाखों परिवारों को राहत देने वाला है और भाजपा की जवाबदेह एवं जनकल्याणकारी राजनीति का प्रमाण है। संजीव खन्ना ने विश्वास जताया कि भाजपा की नीतियों और संगठनात्मक मजबूती के बल पर पंजाब में पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और आने वाले समय में भाजपा राज्य की राजनीति में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगी।
