
पंचकूला : लंबे इंतजार के बाद आखिरकार वह खास पल आ ही गया, जिसका सभी कर्मचारियों को बेसब्री से इंतजार था। एमके भाटिया ग्रुप के दिवाली लकी ड्रॉ में विजेता बनीं सविता को चमचमाती नई ऑल्टो K10 मुफ्त में मिली तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। ढोल-धमाकों और जश्न के बीच कार की चाबी सौंपने के बाद ग्रुप के बॉस एमके भाटिया ने खुद सविता को नई कार में बिठाया।
नई नवेली दुल्हन की तरह सजी कार को देखकर सविता के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। इस खास मौके पर उनकी छोटी बहन और भाई भी मौजूद रहे। परिवार के साथ सविता ने इस यादगार लम्हे को कैमरे में कैद किया।
गार्ड से लेकर अधिकारियों तक सभी कर्मचारियों के लिए रखे गए इस लकी ड्रॉ ने दिवाली के जश्न को और भी खास बना दिया। अब सविता के लिए यह दिवाली सिर्फ त्योहार नहीं, बल्कि जिंदगी भर याद रहने वाली खुशियों की सौगात बन गई है।

