
चंडीगढ़ : रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 की उपलब्धियों को सामने लाने के लिए सेक्टर 31, चंडीगढ़ स्थित सीआईआई ऑडिटोरियम में ‘उत्कर्ष – 100 डेज ऑफ अनस्टॉपेबल रोटरी 3080’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. रीटा कालरा ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 को एक ही दिन में सबसे अधिक रक्तदाताओं को जोड़ने और सबसे अधिक रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स से दो सम्मान मिले हैं। ये रिकॉर्ड सितम्बर 25 को आयोजित ‘रक्तदान महाकुंभ’ के दौरान बनाए गए।
डॉ. रीटा कालरा ने ‘उत्कर्ष’ इवेंट के मौके पर मीडिया को संबोधित किया। इस अवसर पर उनके साथ दीपक गुप्ता, जिला सचिव; नलिन कपूर, जिला कार्यकारी सचिव; डॉ. संजय कालरा, इंटरनेशनल सर्विस चेयर; और मोहित सिंगला, जिला सचिव भी उपस्थित रहे।
मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. कालरा ने कहा, “यह सम्मान केवल रिकॉर्ड बनाने या किसी संख्या तक पहुंचने के बारे में नहीं है। यह हमारे सामूहिक प्रयास, टीम वर्क और ‘स्वयं से पहले सेवा’ की रोटरी भावना को दर्शाता है। हर रक्तदाता किसी व्यक्ति को नया जीवन देने का अवसर प्रदान कर सकता है और यही इस उपलब्धि का असली महत्व है।”
गौरतलब है कि ये सम्मान डॉ. रीटा कालरा के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में कार्यकाल के पहले 100 दिन पूरे होने के अवसर पर आयोजित ‘उत्कर्ष – 100 डेज ऑफ अनस्टॉपेबल रोटरी 3080’ कार्यक्रम में प्रदान किए गए।
रिकॉर्ड बनाने वाले रक्तदान महाकुंभ में रोटरी के 100 से अधिक क्लबों, करीब 100 ब्लड बैंकों, सहयोगी संगठनों, स्वयंसेवकों और हजारों रक्तदाताओं ने हिस्सा लिया। एक ही दिन में कुल 90 रक्तदान शिविर लगाए गए, जिनमें 6,000 से अधिक यूनिट रक्त एकत्र किया गया। इस तरह पहले के 3,400 यूनिट रक्त के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया गया।
डॉ. कालरा ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक योजना तैयार की गई थी। जमीनी स्तर पर बेहतर तालमेल और रिकॉर्ड की जांच के लिए विशेष व्यवस्था की गई। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 11 विशेष टीमें तैनात की गईं। इन टीमों ने रोटरी क्लबों और ब्लड बैंकों के साथ समन्वय किया, गतिविधियों पर नजर रखी और रिपोर्ट तैयार करने में मदद की। रिकॉर्ड की पारदर्शिता और प्रमाणिकता सुनिश्चित करने के लिए जियो-टैग की गई तस्वीरें, ब्लड बैंकों के प्रमाण पत्र और रक्तदाताओं का रिकॉर्ड भी एकत्र किया गया।
एक अन्य महत्वपूर्ण उपलब्धि के तहत रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 ने जोन 4 इंडिया में सदस्य संख्या बढ़ाने के मामले में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज करने वाले डिस्ट्रिक्टों में जगह बनाई। इसके अलावा, भारत सरकार के वाणिज्य मंत्रालय ने डॉ. रीता कालरा को ‘सोशल इम्पैक्ट लीडर’ के रूप में भी सम्मानित किया।
जनता तक जानकारी पहुंचाने और संवाद को बेहतर बनाने के लिए ‘रोटरी बेसिक्स’ ऑडियोबुक शुरू की गई। इसके साथ ही ‘रोटरी मार्गदर्शिका’ और रोटरी से जुड़ी छह पुस्तकों का प्रकाशन किया गया। डिस्ट्रिक्ट की वेबसाइट, मीडिया के साथ संपर्क और डिजिटल माध्यमों पर लोगों की भागीदारी बढ़ाने के प्रयास भी जारी रहे।
