
जीरकपुर : लेडीज क्लब जीरकपुर की ओर से तीज का त्योहार उत्साह, खुशी और पारंपरिक रंगों के साथ मनाया गया। समारोह के दौरान महिलाओं ने पंजाबी संस्कृति और त्योहारों की परंपराओं को खूबसूरत अंदाज में प्रस्तुत करते हुए विभिन्न रंगारंग
गतिविधियों में हिस्सा लिया। इस विशेष समारोह का आयोजन डा. राशि अय्यर ने अपनी टीम की सदस्य कावेरी परिडा और नमिता श्रीवास्तव के सहयोग से किया।

कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में पहुंचकर तीज के उत्सव की रौनक को और बढ़ा दिया। समारोह का मुख्य आकर्षण ‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता रही, जिसमें महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में कामना चड्डा को ‘तीज क्वीन’ का खिताब दिया गया। वहीं, अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करने वाली रोजी सैनी को ‘टैलेंट क्वीन’ के सम्मान से नवाजा गया।
इस अवसर पर महिलाओं ने गीत-संगीत, मनोरंजक गतिविधियों और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। पूरा समारोह तीज के पारंपरिक रंग, खुशी और उत्साह से सराबोर रहा।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को आपस में मिलने-जुलने और खुशियां साझा करने का अवसर देने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत एवं पारंपरिक त्योहारों से नई पीढ़ी को जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

