
चंडीगढ़ : गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल, पॉकेट नंबर-1, मनीमाजरा में मुख्य अध्यापिका पूजा अरोड़ा के मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर योग शिक्षिका मंजू पन्नु ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास करवाया तथा योग के महत्व से अवगत कराया। विद्यालय में योग को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताते हुए सभी को नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ योग क्रियाओं में भाग लिया और शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने का संदेश दिया। मुख्य अध्यापिका पूजा अरोड़ा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को तन और मन दोनों से स्वस्थ रखता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त अध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और सभी ने योग के माध्यम से स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने का संकल्प लिया।
