
चंडीगढ़ : समाज सेवा और मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए मीडिया हेल्पिंग हैंड्स, चंडीगढ़ द्वारा आज सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल (GMCH) के बाहर मीठे ठंडे पानी की छबील का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्य में अस्पताल आने वाले मरीजों, उनके परिजनों, राहगीरों एवं आमजन को शीतल जल पिलाकर राहत प्रदान की गई। इस अवसर पर हलवा एवं चने का प्रसाद भी वितरित किया गया।
मीडिया हेल्पिंग हैंड्स के अध्यक्ष अंकुश महाजन ने बताया कि इस वर्ष की छबील स्वर्गीय नलीन आचार्य जी की पावन स्मृति को समर्पित की गई है। उन्होंने कहा कि नलीन आचार्य जी का जीवन समाज सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों के लिए समर्पित रहा, जिनकी प्रेरणा आज भी संस्था को जनहित के कार्यों के लिए प्रेरित करती है।
अंकुश महाजन ने कहा कि मीडिया हेल्पिंग हैंड्स द्वारा प्रत्येक वर्ष गर्मी के मौसम में इस प्रकार के सेवा कार्य आयोजित किए जाते हैं, ताकि जरूरतमंदों और राहगीरों को राहत पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि “सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है” और समाज के हर वर्ग को मानवता की सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
इस अवसर पर पत्रकारिता जगत से जुड़े बड़ी संख्या में मीडिया कर्मी एवं पत्रकार साथी उपस्थित रहे और उन्होंने सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग दिया। कार्यक्रम के दौरान पत्रकार समुदाय की एकजुटता और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता देखने को मिली।
अंकुश महाजन ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी मीडिया साथियों, समाजसेवियों, सहयोगकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों का विशेष धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार केवल समाचारों तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए ऐसे जनसेवा कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय नलीन आचार्य जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। संस्था ने भविष्य में भी इसी प्रकार के जनकल्याणकारी एवं मानव सेवा से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।

