
पंचकूला : यूसीमास एजुकेशन इंडिया की मास्टर फ्रेंचाइजी द्वारा पंजाब-चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा एवं राजस्थान के लिए 19वीं हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश स्टेट लेवल यूसीमास एबाकस एवं मेंटल अरिथमेटिक प्रतियोगिता का भव्य आयोजन पंचकूला स्थित अग्रवाल भवन में किया गया।
प्रतियोगिता में हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से आए 1052 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी अद्भुत मानसिक गणना क्षमता, एकाग्रता, गति एवं प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बच्चों को मात्र 8 मिनट में 200 प्रश्न हल करने की चुनौती दी गई, जिनमें लगभग 2000 अंकों की गणना शामिल थी। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों ने तेज मानसिक गणना और बेहतरीन एकाग्रता से सभी को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता का परिणाम 10 मई 2026 को घोषित किया जाएगा, जिसके बाद दोपहर में विजेताओं का राज्य स्तरीय भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा। इस वर्ष ट्राईसिटी क्षेत्र में पहली बार 4 से 13 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए विजुअल, लिसनिंग एवं फ्लैश प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बनी हुई है।
यूसीमास की यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता विश्व के 80 देशों में आयोजित होती है, जबकि भारत में इसके लगभग 3000 सेंटर संचालित हैं, जहां करीब 3 लाख विद्यार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
यूसीमास पंजाब-चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा एवं राजस्थान के ग्रुप वाइस प्रेसिडेंट सतवीर सिंह ढाका ने बताया कि, “हमारा उद्देश्य केवल बच्चों को तेज गणना सिखाना नहीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, एकाग्रता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। यूसीमास बच्चों के संपूर्ण मानसिक विकास की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।”
