
जीरकपुर : (एस.पी. चोपड़ा) श्री गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जालंधर स्थित डेरा बल्लां में नतमस्तक हुए और डेरा प्रमुख संत निरंजन दास से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रधानमंत्री के पंजाब आगमन पर आदमपुर एयरपोर्ट पर उनका स्वागत पंजाब भाजपा के प्रदेश सचिव एवं डेराबस्सी के वरिष्ठ नेता संजीव खन्ना ने किया।
इस अवसर पर संजीव खन्ना ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व पर डेरा बल्लां में शीश नवाना करोड़ों श्रद्धालुओं के सम्मान और भावनाओं का आदर है। उन्होंने आदमपुर एयरपोर्ट का नाम श्री गुरु रविदास जी के नाम पर रखने के निर्णय की सराहना करते हुए इसे गुरु साहब के अनुयायियों के लिए गौरव का क्षण बताया।
संजीव खन्ना ने केंद्र सरकार द्वारा संत निरंजन दास जी को पद्म श्री से सम्मानित करने के फैसले को पंजाब की धार्मिक विरासत और समाज सेवा के प्रति सम्मान करार दिया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय न केवल डेरा बल्लां बल्कि पूरे पंजाब के लिए गर्व की बात है। उन्होंने पंजाब को मिली एक और बड़ी सौगात का उल्लेख करते हुए कहा कि हलवारा एयरपोर्ट के शुरू होने से राज्य में व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे पंजाब की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
अंत में संजीव खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मन में सिख धर्म और पंजाब के प्रति गहरा सम्मान है और यही कारण है कि वे राज्य के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा पंजाबियों के प्रति उनके लगाव और प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।

