
नई दिल्ली (एस.पी. चोपड़ा) : सदर बाजार में श्री गुरु नानक देव जी का पावन प्रकाश पर्व बड़ी धूमधाम, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस शुभ अवसर पर सदर बाजार बारी मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा की अध्यक्षता में कुतुब रोड पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बारी मार्केट ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा, दिल्ली व्यापार महासंघ के अध्यक्ष देवराज बबेजा, फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेड एसोसिएशन (FESTA) के अध्यक्ष राकेश यादव एवं कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी युगिंदर सिंह,महासचिव रजिंदर शर्मा, व्यापारी नेता नरेंद्र गुप्ता एवं बारी मार्केट ट्रेड एसोसिएशन के कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. चंद्र प्रकाश धवन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र आर्य, कुलदीप सिंह, महासचिव दीपक निम्भल, सचिव शेखर कटारिया एवं अभय सबरवाल सहित अन्य विश्व शांति, मानवता की भलाई और पूरी दुनिया में आपसी भाईचारा कायम रहने के लिए विशेष अरदास की गई।
इस अवसर पर परमजीत सिंह पम्मा ने कहा कि आज पूरी दुनिया में जिस प्रकार के हालात बने हुए हैं, कहीं युद्ध और तनाव का माहौल है तो कहीं महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक परेशानियां और सामाजिक असमानता लोगों के जीवन को प्रभावित कर रही हैं। ऐसे समय में श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं पूरी दुनिया के लिए मार्गदर्शन का काम कर सकती हैं। यदि दुनिया का हर इंसान गुरु साहिब के संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ को अपने जीवन में अपनाए तो नफरत की जगह प्रेम, भेदभाव की जगह समानता और स्वार्थ की जगह सेवा की भावना पैदा हो सकती है।
पम्मा ने कहा कि हमारी अरदास है कि दुनिया के सभी देशों में शांति बनी रहे, युद्ध समाप्त हों, सभी धर्मों के लोग एक-दूसरे का सम्मान करें और कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए। समाज में अमीर-गरीब का भेदभाव कम हो तथा जरूरतमंदों को उनका अधिकार और सम्मान मिले। गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को एक होने का संदेश दिया था। आज जरूरत है कि हम उनके बताए रास्ते पर चलकर पूरी दुनिया को एक परिवार समझें।
पम्मा ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी का संदेश किसी एक धर्म या समुदाय के लिए नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए है। अगर हम उनकी शिक्षाओं को मानकर चलें तो समाज में आपसी वैर-विरोध, नफरत और भेदभाव समाप्त करने में बड़ी मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगत ने पहुंचकर गुरु का लंगर छका। बाजार के व्यापारियों ने आपसी सहयोग से सेवा में हिस्सा लिया। विशेष बात यह रही कि सभी धर्मों के लोगों ने मिल-जुलकर इस पावन पर्व को मनाया और आपसी एकता एवं भाईचारे की मिसाल पेश की।
अंत में परमजीत सिंह पम्मा ने सभी से अपील की कि गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को केवल उत्सव के रूप में न मनाएं, बल्कि उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारें और समाज में प्रेम, सेवा, समानता तथा विश्व शांति का संदेश फैलाएं।

