
जीरकपुर : दिवंगत श्रीमती सुनीता देवी जी की स्मृति में मीडिया मंत्रा पीआर एंड एडवरटाइजिंग के प्रबंध निदेशक मुकेश चौहान और मौरवी एस्ट्रो वास्तु बाय मोनिका कंबोज द्वारा सेठी ढाबे के सामने छठा रक्तदान शिविर लगाया गया। अस्पतालों में रक्त की कमी दूर करने और जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने के उद्देश्य से लगाए गए इस शिविर में 64 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
इस शिविर का आयोजन सेठी ढाबा के निदेशक सोनू सेठी, विश्वास फाउंडेशन, पंचकूला, एचडीएफसी बैंक और भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा मोहाली के सहयोग से किया गया। सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विश्वास फाउंडेशन की अध्यक्ष साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि शिविर में 68 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया। स्वास्थ्य जांच के बाद डॉक्टरों ने 4 लोगों को स्वास्थ्य संबंधी कारणों से रक्तदान की अनुमति नहीं दी। एम केयर अस्पताल, जीरकपुर के ब्लड बैंक की टीम ने डॉ. कार्तिक अग्रवाल की देखरेख में 64 यूनिट रक्त एकत्र किया। एचडीएफसी बैंक से रोहित शर्मा ने भी शिविर में शिरकत कर रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया।
मुकेश चौहान ने कहा कि माता जी की स्मृति में जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए रक्तदान शिविर आयोजित करना उनके प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त करने का प्रयास है। उन्होंने लोगों से रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और चिकित्सकीय जांच में पात्र पाए जाने पर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सा टीम और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रेस क्लब जीरकपुर के सभी सदस्य भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इनमें मनिंदर सिंह, गुरपाल सिंह, विक्की प्रभात, राजेश गर्ग, अमन जांगड़ा, संदीप बावा, इकबाल, संजीव भंडारी, मनी, अश्वनी, अवतार पाबला, जगजीत कलेर, एसपी चोपड़ा, पीएस मिठा, प्रदीप शर्मा, परमजीत, सुखविंदर सुखी, गीतांश, टीपी सिंह, आईएच खान, कपिल नागपाल, रमन जुनेजा और अशोक जोशी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। प्रेस क्लब के सदस्यों ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए रक्तदान को मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
शिविर में सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा-पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विश्वास फाउंडेशन से ऋषि शाश्वत विश्वास, राकेश गर्ग, संदीप परमार, बृज महाजन और सत्य भूषण खुराना के साथ मोनिका कंबोज, अनिका, डॉ. कार्तिक अग्रवाल तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

