
नई दिल्ली : सैल्यूट तिरंगा क्रिकेट लीग (STCL) के पहले सीजन की चैंपियन हरियाणा लायंस ने दिल्ली के होटल ली मेरिडियन में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर अपनी ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया। टीम ने फाइनल में यूपी धुरंधर को हराकर लगातार पांच जीत के साथ खिताब अपने नाम किया। इस दौरान फ्रेंचाइजी मालिक नवीन झा, हेड कोच इंद्रानिल बसु और कप्तान युग गुप्ता मौजूद रहे।
हरियाणा लायंस ने ग्रुप स्टेज के तीनों मुकाबले सफल रन चेज के साथ जीते। इसके बाद सेमीफाइनल में दिल्ली लीडर्स और फाइनल में यूपी धुरंधर को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।
हरियाणा लायंस के नवीन झा ने कहा, “मुझे शुरुआत से ही अपनी टीम पर पूरा भरोसा था। मुंबई में ट्रॉफी लॉन्च के दौरान भी मैंने कहा था कि हरियाणा के खिलाड़ी शेर हैं और चैंपियन बनकर ही लौटेंगे। आज खिलाड़ियों ने इसे सच साबित कर दिया। हमारे पास एक नहीं, 16 शेर हैं।” उन्होंने जल्द ही हरियाणा लायंस क्रिकेट अकादमी स्थापित करने की घोषणा की, जहां युवा खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही दिल्ली से चंडीगढ़ और हरियाणा के विभिन्न हिस्सों तक ट्रॉफी टूर आयोजित करने की योजना भी साझा की।
कप्तान युग गुप्ता ने कहा, “लगातार पांच मुकाबले जीतकर चैंपियन बनना हमारे लिए गर्व का क्षण है। यह जीत पूरी टीम की मेहनत, एकजुटता और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।”
उपकप्तान अभिराज ने कहा, “हर खिलाड़ी ने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया। हमारा कभी हार न मानने का जज्बा ही हमारी सबसे बड़ी ताकत रहा।”
टीम की सफलता में हेड कोच इंद्रानिल बसु का रणनीतिक मार्गदर्शन और खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित करने की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हरियाणा लायंस की चैंपियन टीम में कप्तान युग गुप्ता, उपकप्तान अभिराज, कार्तिक, कृष्णा देव, मयंक परमार, ठाकुर विराट पंकज, यश शर्मा, अभय गंगवार, हर्षित शर्मा, मुलचंद, पीयूष और रोहन भाटी शामिल रहे।
खिताबी जीत के बाद अब हरियाणा लायंस का लक्ष्य क्रिकेट अकादमी के माध्यम से नई प्रतिभाओं को तराशना और उन्हें उच्च स्तर पर खेलने के अवसर उपलब्ध कराना है।
