
जीरकपुर (एस.पी. चोपड़ा) : डेराबस्सी क्षेत्र के गांव अमलाला में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में भाजपा के वरिष्ठ नेता संजीव खन्ना ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे की दलदल से बचाने के लिए खेलों को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। भाजपा का प्रमुख लक्ष्य पंजाब को नशामुक्त बनाना है और इस दिशा में खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
संजीव खन्ना ने कहा कि जिस पंजाब की पहचान कभी मेहनती, मजबूत और खेलों में आगे रहने वाले युवाओं से होती थी, आज उसी पंजाब में नशे की समस्या गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों और युवाओं का रुझान खेल के मैदानों की ओर बढ़ेगा तो वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहेंगे।
उन्होंने कहा कि क्रिकेट सहित अन्य खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आपसी भाईचारे की भावना भी पैदा करते हैं। गांवों में ऐसे टूर्नामेंट नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता दिखाने का अवसर मिल सके।
भाजपा नेता ने कहा कि नशामुक्त पंजाब का सपना तभी साकार होगा, जब युवा पीढ़ी को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इसके लिए अभिभावकों, सामाजिक संस्थाओं और खेल क्लबों को मिलकर प्रयास करने होंगे।
इस अवसर पर संजीव खन्ना ने टूर्नामेंट के आयोजकों की सराहना करते हुए सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गांव अमलाला के युवाओं द्वारा किया गया यह प्रयास अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणादायक है।
