
चंडीगढ़ (एस.पी. चोपड़ा) : एमेच्योर गोल्फर्स सोसाइटी (एजीएस) रविवार, 18 अक्टूबर को पंचकूला गोल्फ क्लब में 12वें एजीएस गोल्फ टूर्नामेंट का आयोजन करने के लिए पूरी तरह तैयार है।इस टूर्नामेंट को जिया डायमंड्स, ऑल्टलैंड ग्रुप, ग्लोबल वेयरहाउसिंग, ओलिवा ग्रैंड इंफ्रा और पंवार डेंटल का सहयोग प्राप्त है।
टूर्नामेंट की जानकारी साझा करने के लिए एजीएस के पदाधिकारियों ने चंडीगढ़ प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को एडवोकेट सुरेश के. गुप्ता, संस्थापक ट्रस्टी, एजीएस; हुकुम गोयल, चीफ पेट्रन , एजीएस; एस.एस. प्रसाद (पेट्रन), आईएएस (सेवानिवृत्त), हरियाणा के पूर्व गृह सचिव और संजीव गोयल, आईएएएस, पेट्रन, एजीएस ने संबोधित किया। प्रेस वार्ता में ऑल्टलैंड ग्रुप के एमडी श्री ख्रांशु अरोड़ा भी उपस्थित थे।
एजीएस के संस्थापक ट्रस्टी एडवोकेट सुरेश के. गुप्ता ने बताया कि 12वें एडीशन में 66 पुरुष एमेच्योर गोल्फर हिस्सा लेंगे। टूर्नामेंट में तीन हैंडीकैप श्रेणियों—0–9, 10–15 और 16 व इससे अधिक—में मुकाबले होंगे। इसके साथ ही सबसे लंबी ड्राइव, सबसे सीधी ड्राइव और पिन के सबसे नजदीक गेंद पहुंचाने की विशेष प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता 4-बॉल फॉर्मेट में भी होगी। हरे-भरे पंचकूला गोल्फ क्लब में 18 अक्टूबर को आयोजित होने वाला यह टूर्नामेंट सुबह 6 बजे शुरू होगा और दोपहर तक समाप्त हो जाएगा। इसके बाद शाम को पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
एडवोकेट गुप्ता ने कहा कि “सोसाइटी का विजन गोल्फ के मैदानों और फेयरवे से आगे का है। हम गोल्फ की मजबूत संस्कृति विकसित करना चाहते हैं, एमेच्योर प्रतिभाओं को निखारना चाहते हैं और गोल्फ टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में इस क्षेत्र की क्षमता का उपयोग करना चाहते हैं। इन उद्देश्यों को हासिल करने के लिए हम टूर्नामेंटों की एक सीरीज़ आयोजित करने का लक्ष्य रख रहे हैं।”
एडवोकेट गुप्ता ने आगे कहा, “हमारा उद्देश्य एमेच्योर गोल्फरों के लिए एक मजबूत प्लेटफॉर्म तैयार करना है, जहां वे अपने कौशल को निखार सकें, साथी खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा कर सकें और इस खेल में लंबे समय तक रुचि विकसित कर सकें। एजीएस गोल्फ को अधिक लोगों की पहुंच में लाने और ट्राइसिटी में इसके कल्चर को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। इसके अलावा, हम किसी भी स्थान से गोल्फ सीखने या खेलने की योजना बनाने वाले लोगों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराएंगे।”
एजीएस के चीफ पेट्रन हुकुम गोयल ने कहा कि “हम एमेच्योर गोल्फरों का आधार बढ़ाना चाहते हैं और नए खिलाड़ियों के साथ-साथ अनुभवी खिलाड़ियों को भी इस खेल का आनंद लेने तथा इसमें बेहतरीन प्रदर्शन करने के अवसर उपलब्ध कराना चाहते हैं।”
एजीएस के पेट्रन एस.एस. प्रसाद, आईएएस (सेवानिवृत्त) ने कहा कि “इस खेल के लंबी अवधि में विकास के लिए उपयुक्त गोल्फ बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करना आवश्यक है। हमारे विजन में एक समर्पित एजीएस गोल्फ रेंज स्थापित करना शामिल है, ताकि गोल्फ सीखने के इच्छुक खिलाड़ियों को क्वालिटी ट्रेनिंग की सुविधा मिल सके।”
एजीएस के पेट्रन संजीव गोयल, आईएएएस ने कहा कि “हमारे टूर्नामेंटों में बढ़ती भागीदारी ट्राइसिटी में गोल्फ के आगे विकास की संभावनाओं को दर्शाती है। हम गोल्फरों को सहयोग देने के लिए एक रेजीडेंशियल ट्रेनिंग सुविधा स्थापित करने की योजना बना रहे हैं।”
एडवोकेट गुप्ता ने कहा, “इन सभी प्रयासों से ट्राइसिटी को गोल्फ टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में मदद मिल सकती है।”
इस दौरान बताया गया कि 18 अक्टूबर को होने वाले पुरस्कार वितरण समारोह में पंजाब रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (रेरा) के चेयरमैन राकेश गोयल, आईआरएस, मुख्य अतिथि होंगे।

