
चंडीगढ़ (एस.पी. चोपड़ा) ; डिस्ट्रिक्ट रोटरैक्ट ऑर्गेनाइजेशन 3080 द्वारा जीजीडीएसडी कॉलेज, सेक्टर-32, चंडीगढ़ में वार्षिक डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस का सफल आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश तथा केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ से रोटरैक्टर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में 30 से अधिक रोटरैक्ट क्लबों ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए सामाजिक, सामुदायिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की विस्तृत प्रस्तुतियां दीं।
सम्मेलन का उद्देश्य युवा नेतृत्व, समाज सेवा और सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना था। विभिन्न क्लबों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास तथा वंचित वर्गों के उत्थान हेतु किए गए अपने सेवा प्रकल्पों और उपलब्धियों को प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों ने यह दर्शाया कि रोटरैक्ट क्लब समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए किस प्रकार निरंतर कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्लबों को उनके उल्लेखनीय योगदान, प्रभावशाली परियोजनाओं, नेतृत्व क्षमता तथा समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन क्लबों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना जिन्होंने पूरे वर्ष समाजहित में महत्वपूर्ण कार्य किए।

सम्मेलन का एक विशेष आकर्षण ट्राइसिटी क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवियों एवं पत्रकार रोशन लाल जी को भी सम्मानित किया गया।
