
ज़ीरकपुर : पंजाब भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में केवल सिंह ढिल्लों की आज हुई ताजपोशी को ऐतिहासिक दिन बताते हुए भाजपा के प्रदेश सचिव एवं हल्का डेराबस्सी के प्रभारी संजीव खन्ना ने कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी को पूरे प्रदेश में नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि केवल सिंह ढिल्लों एक अनुभवी, जनसरोकारों से जुड़े और मजबूत संगठनात्मक क्षमता वाले नेता हैं, जिनके हाथों में पार्टी की कमान आने से भाजपा का जनाधार और अधिक मजबूत होगा।
संजीव खन्ना ने कहा कि आज की ताजपोशी केवल एक संगठनात्मक बदलाव नहीं, बल्कि पंजाब भाजपा के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में इस फैसले को लेकर भारी उत्साह है और प्रदेश के हर क्षेत्र में भाजपा को मजबूत बनाने के लिए नए जोश के साथ काम किया जाएगा।
खन्ना ने कहा कि पंजाब इस समय कई गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है और लोग एक मजबूत तथा विकास समर्थक विकल्प की तलाश में हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा आने वाले समय में लोगों की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का मुख्य फोकस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना, युवाओं को पार्टी से जोड़ना तथा जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना होगा।
उन्होंने कहा कि केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में भाजपा पंजाब के हर वर्ग तक अपनी पहुंच बनाएगी और विकास, पारदर्शिता तथा सुशासन के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
संजीव खन्ना ने कहा कि आज की ताजपोशी ने पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया है और यही जोश आने वाले समय में भाजपा को पंजाब की राजनीति में और अधिक मजबूत स्थिति में पहुंचाने का काम करेगा।
