
पंचकूला (एस.पी. चोपड़ा) : यूसीमास एजुकेशन इंडिया की मास्टर फ्रेंचाइजी द्वारा पंजाब-चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा एवं राजस्थान के लिए आयोजित 19वीं हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश स्टेट लेवल यूसीमास एबाकस एवं मेंटल अरिथमेटिक प्रतियोगिता एवं राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन पंचकूला स्थित अग्रवाल भवन में किया गया।
समारोह में 4 से 13 वर्ष आयु वर्ग के 1052 बच्चों ने अपनी अद्भुत मानसिक गणना क्षमता, एकाग्रता, गति एवं प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को मात्र 8 मिनट में 200 प्रश्न हल करने की चुनौती दी गई थी, जिनमें लगभग 2000 अंकों की गणना शामिल थी।
विद्यार्थियों ने तेज मानसिक गणना, असाधारण स्मरण शक्ति और बेहतरीन एकाग्रता का परिचय देते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न आयु वर्ग एवं कैटेगरी के स्टेट विनर्स, गोल्ड मेडलिस्ट और चैम्पियंस को ट्रॉफी एवं अवॉर्ड देकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण ट्राईसिटी क्षेत्र में पहली बार आयोजित विजुअल, लिसनिंग एवं फ्लैश प्रतियोगिता रही, जिसमें बच्चों ने शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। यूसीमास की यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता विश्व के 80 देशों में आयोजित होती है, जबकि भारत में इसके लगभग 3000 सेंटर संचालित हैं।
यूसीमास पंजाब-चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा एवं राजस्थान के ग्रुप वाइस प्रेसिडेंट सतवीर सिंह ढाका ने बताया कि, “हमारा उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, एकाग्रता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान करते हैं।”
