
पंजाब (एस.पी. चोपड़ा) : भारत के पशुधन सेक्टर में अपने लम्बे समय के भरोसे को दर्शाते हुए और पंजाब के डेयरी उद्योग के विकास को गति प्रदान करने के प्रयास में कारगिल एनिमल न्यूट्रिशन एंड हेल्थ ने आज पंजाब के वज़ीराबाद में आधुनिक डेयरी फीड प्लांट खोला है। रु 300 करोड़ के निवेश से बना यह प्लांट डेयरी किसानों को विश्वस्तरीय फीड समाधान उपलब्ध कराएगा तथा बड़े पैमाने पर विज्ञान पर आधारित डेयरी न्यूट्रिशन डिलीवर करेगा। यह विस्तार भारत को डेयरी फीड में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कारगिल का महत्वपूर्ण कदम है, जो भारत सरकार की पहल ‘आत्मनिर्भर भारत’ में भी उल्लेखनीय योगदान देगा।
15 एकड़ में फैले इस प्लांट में 400,00 मीट्रिक टन की सालाना उत्पादन क्षमता है, यह दक्षिण एशिया में कारगिल का सबसे बड़ा डेयरी फीड प्लांट होगा तथा पंजाब राज्य में यह भटिंडा के बाद दूसरा प्लांट है। यह नया प्लांट 1000 से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष नौकरियां उत्पन्न कर स्थानीय समुदायों को आजीविका के अवसर प्रदान करेगा। साथ ही पंजाब के मुख्य डेयरी मार्केट्स में बढ़ती मांग को पूरा करने में भी मदद करेगा। यहां उत्पादन किए जाने वाले प्रोडक्ट्स की मार्केटिंग विश्वस्तर पर विख्यात ब्राण्ड्स प्रोविमी एवं पुरिना के तहत की जाएगी, ये प्रोडक्ट्स डेयरी किसानों, उत्पादकों एवं फीड मिल्स सहित विभिन्न उपभोक्ताओं की ज़रूरतों को पूरा करेंगे।
उच्च घनत्व के डेयरी क्षेत्र में स्थित कारगिल की वज़ीराबाद युनिट पंजाब के कृषि समुदायों के लिए प्रोडक्शन को सुलभ बनाएगी, जो भारत के सबसे उत्पादक डेयरी बेल्ट्स में से एक है। यह डेयरी उत्पादकों को आधुनिक टेक्नोलॉजी भी उपलब्ध कराएगी, जिसका उपयोग बड़े पैमाने पर ऑटोमेशन के ज़रिए युवा पशुओं एवं दुधारू गायों के लिए डेयरी फीड की व्यापक रेंज के उत्पादन में किया जाता है। सुरक्षित एवं उच्च गुणवत्ता के फीड की उपलब्धता बढ़ाकर यह प्लांट दूध की उत्पादकता बढ़ाने, पशुओं के स्वास्थ्य एवं सुधार लाने, किसानों की आय बढ़ाने तथा संपूर्ण डेयरी मूल्य श्रृंखला को सशक्त बनाने में योगदान देगा।
इस युनिट का उद्घाटन आज संजीव अरोड़ा, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री, पंजाब द्वारा कारगिल लीडरशिप की मौजूदगी में किया गया। पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री संजीव अरोड़ा ने उद्घाटन के दौरान अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि, ‘‘पंजाब अपने प्रगतिशील किसानों और मजबूत इन्फ्रास्ट्रक्चर के चलते भारत के कृषि एवं डेयरी परिवेश में अग्रणी स्थिति पर है। ऐसे में कारगिल जैसी ग्लोबल कंपनियों द्वारा निवेश, राज्य की ओद्यौगिक प्रणाली को सशक्त बनाएगा और स्थानीय समुदायों के लिए रोज़गार के अवसर उत्पन्न कर ग्रामीण आजीविका को समर्थन प्रदान करेगा। इससे स्पष्ट है कि पंजाब में उद्योग जगत का भरोसा बढ़ रहा है और यह राज्य कृषि एवं भोजन सेक्टर के निवेश के लिए पसंदीदा गंतव्य के रूप में उभर रहा है। यह राज्य को प्रगतिशील, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाने के हमारे विज़न के अनुरूप है।“ उन्होंने आगे कहा कि पंजाब सरकार उन्हें हर संभव सहायता देगी और पंजाब को निवेशकों के लिए पसंदीदा गंतव्य के रूप में स्थापित करेगी।
रविन्दर बलेन, प्रेज़ीडेन्ट, कारगिल इंडिया और सीनियर मैनेजिंग डायरेक्टर, कारगिल एनिमल न्युट्रिशन एंड हेल्थ, भारत ने कहा कि, ‘‘पंजाब के मुख्य डेयरी क्षेत्रों में अपनी मैनुफैक्चरिंग मौजूदगी के विस्तार से राज्य के किसानों को बीआईएस गाइडलाइन्स के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के कम टॉक्सिन वाले फीड आसानी से मिल सकेंगे। इससे डेयरी किसानों के लिए आपूर्ति की विश्वसनयीता और खेत की उत्पादकता बढ़ेगी, साथ ही स्थानीय रोज़गार के अवसर उत्पन्न होने से राज्य की मजबूती बढ़ेगी।’’
कई सालों से भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक है और ग्लोबल आउटपुट में एक चौथाई से भी अधिक योगदान देता है। वर्तमान में डेयरी, भारत का सबसे बड़ा कृषि उत्पाद है जो देश की अर्थव्यवस्था में 5 फीसदी योगदान देता है तथा आठ करोड़ से अधिक किसानों को प्रत्यक्ष रोज़गार भी प्रदान करता है। डेयरी प्रोडक्ट्स की बढ़ती खपत को देखते हुए सेक्टर के विकास के लिए उच्च गुणवत्ता के डेयरी फीड को सुलभ बनाना बेहद ज़रूरी है। भरोसेमंद ब्राण्ड्स जैसे प्रोविमी एवं पुरिना के माध्यम से भारतीय किसानों के साथ दशकों तक काम करने के बाद कारगिल ने यह नया विस्तार किया है। भटिंडा प्लांट के बाद अब यह नई युनिट भी ‘मेक इन इंडिया’ दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए स्थानीय निर्माण को बढ़ावा देगी, आस-पास के समुदायों में कौशल विकास और आर्थिक गतिविधियों को समर्थन प्रदान करेगी।
इस युनिट में सुरक्षा, गुणवत्ता और ज़िम्मेदाराना संचालन पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाएगा। कारगिगल के विश्वस्तरीय मानकों के अनुरूप कार्यस्थल पर सुरक्षा, बायोसिक्योरिटी, प्रोडक्ट उत्कृष्टता इसके संचालन के केन्द्र होंगे। कुल मिलाकर यह प्लांट संचालन की अखंडता और स्थायी आहार प्रणाली के निर्माण के लिए कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

