
ज़ीरकपुर : भारतीय जनता पार्टी की ओर से आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी मार्लेना के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आतिशी मार्लेना का पुतला फूंका। यह प्रदर्शन गुरु साहिबानों को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में किया गया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना रोष जाहिर किया।
इस विरोध प्रदर्शन की अगुवाई भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने की। मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता इकबाल सिंह ललपुरा, भाजपा पंजाब प्रदेश सचिव संजीव खन्ना और जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रदर्शन स्थल पर एकत्रित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि सिख समुदाय की धार्मिक आस्था और गुरु साहिबानों की गरिमा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा नेता संजीव खन्ना और संजीव वशिष्ठ ने अपने संयुक्त संबोधन में कहा कि जब आम आदमी पार्टी को वोटों की जरूरत होती है, तब उन्हें पंजाब के गुरु और पीर-फकीर याद आते हैं, लेकिन जब उनका स्वार्थ पूरा हो जाता है तो आप के नेता गुरु साहिबानों की गरिमा के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने से भी नहीं चूकते। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सिख समुदाय की आस्था को ठेस पहुंचाने वाली किसी भी टिप्पणी को किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा।
भाजपा नेताओं ने दिल्ली विधानसभा के स्पीकर से मांग की कि जब तक आतिशी मार्लेना सार्वजनिक रूप से गुरु साहिबानों को लेकर की गई टिप्पणी पर माफी नहीं मांगतीं, तब तक उन्हें दिल्ली विधानसभा में प्रवेश न करने दिया जाए।
इस दौरान राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष इकबाल सिंह ललपुरा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं द्वारा गुरु साहिबानों के प्रति इस तरह की भाषा का प्रयोग बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा केवल भारतीय जनता पार्टी का नहीं है, बल्कि पंजाब का कोई भी व्यक्ति ऐसी बेअदबी को बर्दाश्त नहीं करेगा। इकबाल सिंह ललपुरा ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक आतिशी मार्लेना गुरु साहिबानों के संबंध में की गई टिप्पणी पर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगतीं, तब तक भारतीय जनता पार्टी का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
इस प्रदर्शन में गुरदर्शन सैनी, मनप्रीत बन्नी संधू, एसएमएस संधू, रविंदर राणा, पवन धीमान, सतपाल बंसल, सुधीर कांटीवाल, मुकेश शर्मा, राधे श्याम, गणेश शर्मा, रविंदर वैष्णव सहित कई अन्य भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

